रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ट्रांजिट कैंप पुलिस ने एक युवक को 5.93 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शिवनगर, ट्रांजिट कैंप निवासी विजय दास के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत तीन मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, 14 अक्टूबर 2026 को उपनिरीक्षक मनोज कुमार पुलिस टीम के साथ ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान शिवनगर से श्मशान घाट की ओर गश्त करते समय एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर युवक की जेब से 5.93 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ ट्रांजिट कैंप कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा संख्या 333/2026 दर्ज किया।
पुलिस के मुताबिक, विजय दास के खिलाफ वर्ष 2021 में रुद्रपुर कोतवाली और वर्ष 2024 व 2025 में ट्रांजिट कैंप थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं।
