IMG_20261018_133141

उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के नानकमत्ता में पुरानी रंजिश के चलते युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना शनिवार देर रात की है। आरोप है कि 15 से 20 हमलावर कार और बाइकों से पहुंचे और पहले एक घर पर पथराव कर फायरिंग की। इसके बाद खेत से घर लौट रहे सतनाम सिंह को घेरकर सीने में गोली मार दी। अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर आठ नामजद आरोपियों समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

घर पर पथराव के बाद की फायरिंग

मृतक के भाई कुलदीप सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि एक विवाद में बीच-बचाव करने के बाद एक पक्ष उनसे रंजिश रखने लगा था। इस संबंध में उन्होंने नानकमत्ता थाने में धमकी मिलने की शिकायत भी की थी।

कुलदीप सिंह के मुताबिक, शनिवार देर रात 15 से 20 हमलावर कार और बाइकों से उनके घर पहुंचे। आरोपियों ने घर पर पथराव करने के बाद फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान कुलदीप के बेटे ने छत से घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की। आरोप है कि हमलावरों ने उस पर भी गोली चलाई, लेकिन वह बाल-बाल बच गया।

खेत से लौट रहे सतनाम को घेरकर मारी गोली

आरोप है कि घर पर हमला करने के बाद जब हमलावर लौट रहे थे, तभी रास्ते में खेत से घर आ रहे सतनाम सिंह को घेर लिया। हमलावरों ने उनके सीने में गोली मार दी और कार से टक्कर मारकर मौके से फरार हो गए। गोली लगने से सतनाम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

आठ नामजद आरोपियों समेत अन्य पर मुकदमा

घटना के बाद पुलिस ने कुलदीप सिंह की शिकायत के आधार पर आठ नामजद आरोपियों समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। प्रारंभिक तौर पर मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

error: Content is protected !!