2e0cb8c3-68e4-4592-87b5-8d021d8c2562_1791901657124 (1)

रुद्रपुर। कक्षा 12 की छात्रा को स्कूल छोड़ने के बहाने कार में बैठाकर दुष्कर्म करने और अश्लील फोटो-वीडियो बनाने के आरोप में घिरे युवक ने पुराने मामले में अपनी जमानत तुड़वाकर जेल में आत्मसमर्पण कर दिया। अब पुलिस आरोपी को वर्तमान मामले में पूछताछ के लिए पुलिस कस्टडी रिमांड (पीसीआर) पर लेने की तैयारी कर रही है। इसके लिए शनिवार को न्यायालय में आवेदन किया गया है।

पुलिस के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र निवासी कक्षा 12 की छात्रा बीते सोमवार को पैदल स्कूल जा रही थी। इसी दौरान पंतनगर निवासी उसका परिचित रंजीत सिंह रास्ते में मिल गया। आरोप है कि युवक ने छात्रा को स्कूल छोड़ने का झांसा देकर अपनी कार में बैठा लिया और शांति विहार मार्ग पर एक सुनसान स्थान पर ले गया। वहां डरा-धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप है।

अश्लील फोटो-वीडियो बनाने का भी आरोप

पीड़िता के मुताबिक, आरोपी ने उसकी अश्लील तस्वीरें और वीडियो भी बना लिए। साथ ही घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी।

पुराने मामले में जमानत तुड़वाकर जेल पहुंचा

इस बीच आरोपी ने पूर्व में दर्ज एक अन्य मामले में अपनी जमानत तुड़वाकर न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। आरोपी के जेल में होने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने उसे वर्तमान मामले में पूछताछ के लिए रिमांड पर लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने शनिवार को न्यायालय में पुलिस कस्टडी रिमांड के लिए आवेदन किया। रिमांड मंजूर होने के बाद आरोपी से पूछताछ कर मामले से जुड़े तथ्यों की जांच की जाएगी।

गौरतलब है कि आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पीड़िता के परिजनों ने एसएसपी कार्यालय में भी गुहार लगाई थी। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी, लेकिन उसके पुराने मामले में आत्मसमर्पण करने के बाद अब उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी है।

error: Content is protected !!