उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में सांप का करतब दिखाना पिता-बेटे के लिए जानलेवा साबित हुआ। पूजा पंडाल में कोबरा के दांत तोड़ने की कोशिश के दौरान सांप ने पहले बेटे और फिर उसे बचाने आए पिता को डस लिया। इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
घटना सोमवार रात नगर कोतवाली क्षेत्र के जरहरा गांव की है। महेश और उसका बेटा नौमीलाल सांप पकड़ने का काम करते थे। दोनों पूजा पंडाल में दो सांपों के साथ करतब दिखा रहे थे। इसी दौरान नौमीलाल कोबरा के दांत तोड़ने की कोशिश करने लगा, तभी सांप ने उसके पैर में डस लिया।
बेटे को बचाने पहुंचे महेश को भी कोबरा ने डस लिया। इसके बाद दोनों की हालत बिगड़ने लगी। समिति के लोग उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने महेश को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत में नौमीलाल को लखनऊ के लोहिया अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
परिजनों के मुताबिक, पिता-बेटे घर में सांप पकड़कर रखते थे। घर से कुछ दूरी पर स्कूल के पीछे बने एक कमरे में दो बोरियों से करीब 24 सांप मिले हैं। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है और दोनों बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है।
