गदरपुर। ऊधम सिंह नगर जिले में ऑपरेशन प्रहार के तहत गदरपुर पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का देशी तमंचा, कारतूस और एक चाकू बरामद हुआ है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 20 अक्टूबर को चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान मुखबिर की सूचना पर बमनपुरी गांव से दीप सिंह निवासी गदरपुर को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में उसके पास से 315 बोर का देशी तमंचा और कारतूस बरामद हुए। इस मामले में गदरपुर कोतवाली में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मुकदमा संख्या 312/2026 दर्ज किया गया है।
वहीं, पुलिस ने बाबा का ढाबा से पिपलिया नंबर एक जाने वाली सड़क पर कार्रवाई करते हुए अक्षय तालुकदार निवासी संजय नगर, गदरपुर को अवैध चाकू के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।
