बाजपुर। ऊधम सिंह नगर जिले के बाजपुर में लकड़ी तस्करी के खिलाफ छापेमारी करने पहुंची वन विभाग की संयुक्त टीम पर तस्करों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में वन दरोगा सुरेंद्र सिंह घायल हो गए। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। टीम ने मौके से सागौन और खैर की भारी मात्रा में लकड़ी बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर रेंजर लक्ष्मण सिंह बिष्ट को बाजपुर के मोहल्ला पहाड़ी कॉलोनी स्थित एक गोदाम में अवैध रूप से सागौन और खैर की लकड़ी जमा होने की सूचना मिली थी। बुधवार देर रात करीब 12 बजे रुद्रपुर और बाजपुर वन विभाग की संयुक्त टीम ने गोदाम पर छापा मारा।
वन विभाग की टीम को देखकर गोदाम में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। इसी दौरान गोदाम संचालक और उसके साथियों ने वनकर्मियों से अभद्रता करते हुए धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में वन दरोगा सुरेंद्र सिंह के हाथ और सिर में चोटें आईं। टीम के अन्य सदस्यों ने किसी तरह उन्हें बचाया।
गोदाम से लाखों की लकड़ी बरामद
घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। वन विभाग की टीम ने गोदाम से सागौन और खैर की भारी मात्रा में लकड़ी बरामद कर उसे कब्जे में ले लिया। बरामद लकड़ी की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
घायल वन दरोगा को बाजपुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। रेंजर लक्ष्मण सिंह बिष्ट के अनुसार, गोदाम का इस्तेमाल लंबे समय से अवैध लकड़ी तस्करी के लिए किए जाने की सूचना थी। आरोपियों की पहचान की जा रही है। वन विभाग की ओर से पुलिस को तहरीर देकर वन अधिनियम, सरकारी कार्य में बाधा और हमले के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी।
