नानकमत्ता। ऊधम सिंह नगर के नानकमत्ता क्षेत्र में पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ ‘ऑपरेशन सफाया’ चलाकर बड़ी कार्रवाई की। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर करीब 10 घंटे चले अभियान में पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 अवैध तमंचे और 13 कारतूस बरामद किए। वहीं, कच्ची शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 350 लीटर से अधिक शराब बरामद की गई और चार भट्टियों समेत करीब 10 हजार लीटर लहन नष्ट किया गया।
10 पुलिस टीमों ने की छापेमारी
अभियान में 10 पुलिस टीमों के साथ एसओजी और विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस शामिल रही। कार्रवाई के दौरान अलग-अलग मामलों में दो वारंटियों को भी गिरफ्तार किया गया, जबकि 14 संदिग्धों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 172 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई के लिए अभिरक्षा में लिया गया।
12 लाख रुपये और सात QR स्कैनर बरामद
अभियान के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति के पास से सात QR कोड स्कैनर और करीब 12 लाख रुपये नकद बरामद होने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस को इस बरामदगी में साइबर अपराध से जुड़ा पहलू होने की आशंका है। हालांकि, नकदी और स्कैनर के स्रोत तथा साइबर अपराध से उनके संबंध की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
अवैध गतिविधियों पर पुलिस की नजर
नानकमत्ता, झनकईया, पुलभट्टा, दिनेशपुर और खटीमा समेत विभिन्न थाना क्षेत्रों के पुलिसकर्मियों ने अभियान में हिस्सा लिया। पुलिस के अनुसार, अवैध हथियारों, कच्ची शराब और साइबर अपराध समेत अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
