छात्रा से कथित छेड़छाड़ के मामले में शुक्रवार को हंगामा हो गया। छात्रा की मां ने स्कूल के भौतिक विज्ञान के शिक्षक पर करीब डेढ़ माह से बेटी को परेशान करने और अनुचित तरीके से छूने का आरोप लगाया। उन्होंने स्कूल प्रबंधन पर शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं करने और छात्रा पर दबाव बनाने का भी आरोप लगाया है।
मामला देहरादून स्थित समरवैली स्कूल का है जहां एक कक्षा 11 की छात्रा से कथित तौर पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया गया है।
छात्रा की मां के अनुसार, उन्होंने 15 अक्टूबर को प्रधानाचार्य को लिखित शिकायत दी थी, जिस पर उनकी बेटी समेत 15 छात्राओं के हस्ताक्षर थे। उनका आरोप है कि प्रधानाचार्य ने शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में उनकी बेटी को ही गलत ठहराने का प्रयास किया गया।
मां ने बताया कि 14 अक्टूबर को स्कूल पहुंचने में देरी होने पर शिक्षक उनकी बेटी को धक्का देते हुए प्रधानाचार्य के कक्ष तक ले गया था। इसके बाद बेटी से पूरी बात जानकर उन्होंने स्कूल प्रबंधन से शिकायत की। उनका दावा है कि कक्षा की अन्य छात्राओं ने भी शिक्षक के व्यवहार को लेकर शिकायत की थी।
आरोप है कि कुछ दिन बाद छात्रा को प्रधानाचार्य कक्ष में बुलाया गया, जहां निदेशक ने उससे शिक्षक के कथित व्यवहार को लेकर सवाल किए। मां के अनुसार, छात्रा को यह भी कहा गया कि शिक्षक बुजुर्ग हैं और बीच सत्र में दूसरे स्कूल में दाखिला मिलना मुश्किल हो सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि बेटी और उसके भाई की पढ़ाई प्रभावित होने का डर दिखाकर मामले को खत्म कराने का प्रयास किया गया।
मामले में बाहरी लोगों के हस्तक्षेप से नाराज छात्रा की मां शुक्रवार को स्कूल पहुंचीं। उनका आरोप है कि स्कूल का गेट भीतर से बंद कर दिया गया और पुलिस बुला ली गई। उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत दिए जाने की जानकारी दी, लेकिन स्कूल प्रबंधन ने शिकायत दिखाने से इनकार कर दिया।
छात्रा की मां ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ तत्काल कार्रवाई और स्कूल प्रबंधन से प्रार्थना सभा में सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। उन्होंने बताया कि शनिवार को शिक्षा विभाग के अधिकारियों और जिलाधिकारी से मुलाकात कर मामले की शिकायत करेंगी।
