IMG_20261023_094951

हल्द्वानी। नैनीताल जिले के हल्द्वानी में दुष्कर्म के मामले में बाल संप्रेक्षण गृह में बंद 16 वर्षीय किशोर अस्पताल से फरार हो गया। गुरुवार को तबीयत खराब होने पर उसे सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल लाया गया था। दोपहर करीब एक बजे शौचालय जाने के बहाने वह अस्पताल की खिड़की से कूदकर भाग निकला। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, बनभूलपुरा कोतवाली क्षेत्र की एक किशोरी से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने करीब एक महीने पहले 16 वर्षीय किशोर को गिरफ्तार किया था। किशोर न्यायालय के आदेश पर उसे हल्द्वानी स्थित बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया था।

गुरुवार को किशोर ने अपनी तबीयत खराब होने की बात कही। इसके बाद बाल संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा गार्द उसे इलाज के लिए बेस अस्पताल लेकर पहुंची। अस्पताल में शौचालय जाने की बात कहकर वह मौका पाकर खिड़की से नीचे कूद गया और फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षा गार्ड ने पुलिस को जानकारी दी। शुरुआती सूचनाओं के अनुसार, फरार किशोर को आखिरी बार बनभूलपुरा क्षेत्र में देखे जाने की बात सामने आई है।

आरोपी की तलाश में कोतवाली और बनभूलपुरा पुलिस की संयुक्त टीमें जुटी हैं। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही परिजनों और करीबियों से पूछताछ कर रही है। उसकी तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि फरार किशोर की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। परिजनों से पूछताछ की जा रही है और सर्विलांस की मदद से उसकी लोकेशन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही उसे पकड़ने का प्रयास किया जाएगा।

error: Content is protected !!