orig_1_1659048081

देहरादून। उत्तराखंड में प्राथमिक शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। प्रदेश में प्राथमिक शिक्षकों की भर्ती के लिए मार्च 2027 तक संभावित रूप से रिक्त होने वाले पदों की जानकारी जुटाई जा रही है। इसके बाद रिक्त पदों की गणना कर भर्ती का विज्ञापन जारी करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने यह जानकारी भाजपा प्रदेश प्रवक्ता रवीन्द्र जुगरान से मुलाकात के दौरान दी। जुगरान ने शुक्रवार को शिक्षा मंत्री से मुलाकात कर प्राथमिक शिक्षक भर्ती की विज्ञप्ति जल्द जारी करने का अनुरोध किया।

उन्होंने बताया कि भर्ती का प्रस्ताव करीब तीन महीने पहले शासन को भेजा जा चुका है, लेकिन अभी तक विज्ञापन जारी करने की दिशा में खास प्रगति नहीं हुई है।

इस पर शिक्षा मंत्री ने बताया कि पहले भेजे गए प्रस्ताव में रिक्त पदों की संख्या कम थी। इसलिए शिक्षा निदेशालय को मार्च 2027 तक संभावित रूप से खाली होने वाले पदों की जानकारी शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

अधिक पदों को भर्ती में शामिल करने की तैयारी

शिक्षा विभाग का उद्देश्य संभावित रिक्तियों का आकलन कर अधिक से अधिक पदों को भर्ती प्रक्रिया में शामिल करना है। रिक्त पदों की जानकारी मिलने और उनकी गणना पूरी होने के बाद भर्ती विज्ञप्ति जारी करने की दिशा में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हालांकि, अभी भर्ती में शामिल होने वाले पदों की अंतिम संख्या, आवेदन की तारीख और विज्ञापन जारी होने की निश्चित तिथि घोषित नहीं की गई है। उम्मीदवारों को आधिकारिक विज्ञप्ति का इंतजार करना होगा।

error: Content is protected !!