काशीपुर। साइबर ठगों ने काशीपुर में दो महिलाओं के बैंक खातों से करीब 7 लाख 67 हजार रुपये निकाल लिए। एक महिला के मोबाइल पर यूट्यूब अपडेट का संदेश आने के बाद खाते से रकम कटने लगी, जबकि दूसरी महिला के खाते से उसकी जानकारी और अनुमति के बिना लाखों रुपये निकाल लिए गए। दोनों पीड़िताओं की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कुंडेश्वरी निवासी एक महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 16 अक्टूबर को वह अपने मोबाइल फोन पर यूट्यूब चला रही थीं। इसी दौरान उन्हें यूट्यूब अपडेट करने का संदेश दिखाई दिया। इसके बाद उनके मोबाइल पर यूपीआई ट्रांजेक्शन के संदेश आने लगे। अलग-अलग समय पर उनके बैंक खाते से कुल 1 लाख 37 हजार रुपये निकाल लिए गए। महिला ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने और ठगी गई रकम वापस दिलाने की मांग की है।
वहीं, चामुंडा विहार निवासी दूसरी महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके बैंक खाते से अज्ञात व्यक्ति ने बिना जानकारी और अनुमति के रकम निकाल ली। महिला के मुताबिक, उनके खाते से पहले 4 लाख 95 हजार रुपये और फिर 1 लाख 35 हजार रुपये निकाले गए। इस तरह उनके खाते से कुल 6 लाख 30 हजार रुपये की ठगी हुई।
सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस साइबर ठगी के मामलों की जांच कर रही है।
