पटेलनगर क्षेत्र की एक कॉलोनी में किराए के कमरे में चल रहे अनैतिक देह व्यापार के धंधे का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से धंधा संचालित करने वाली महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, महिला बाहरी राज्यों और आसपास के क्षेत्रों से महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार कराती थी। ग्राहकों से व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क कर उन्हें युवतियों की फोटो भेजी जाती थी। मौके से आपत्तिजनक सामग्री, दवाइयां और 3500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को कोतवाली पटेलनगर के प्रभारी निरीक्षक को मुखबिर से सूचना मिली कि एक मकान में किराए पर कमरा लेकर देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना से उच्चाधिकारियों को अवगत कराने के बाद पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने बताए गए मकान में छापा मारा। इस दौरान एक कमरे में एक महिला और एक पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले, जबकि दूसरे कमरे में दो अन्य महिलाएं मौजूद थीं। पुलिस ने मौके से चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
व्हाट्सएप पर भेजती थी फोटो
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला ने मकान किराए पर लिया था। आरोप है कि वह फोन के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क करती थी और व्हाट्सएप पर उन्हें महिलाओं की फोटो भेजती थी। ग्राहकों की पसंद और मांग के अनुसार बाहरी जनपदों व राज्यों से महिलाओं को बुलाकर किराए के कमरे में देह व्यापार कराया जाता था। पुलिस ने मौके से इस गतिविधि से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री और दवाइयां बरामद की हैं।
चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी
पुलिस ने गिरफ्तार अजमीरा, शेख अजीजल, रजनी और अन्नू के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। एसएसपी के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इसी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
