रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र की बालाजीपुरम कॉलोनी में बाइक सवार झपटमारों ने एक महिला के कान से सोने के कुंडल झपट लिए और मौके से फरार हो गए। कुंडलों की कीमत 40 से 50 हजार रुपये बताई जा रही है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के मुताबिक, बाइक पर सवार दो लोग कॉलोनी में पहुंचे थे। बाइक पर पीछे बैठी महिला ने अचानक झपट्टा मारकर उसके कान से सोने के कुंडल खींच लिए। इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़िता ने ट्रांजिट कैंप थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उनके फरार होने के रास्ते का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
