कानपुर। जूही सफेद कालोनी में सोमवार शाम एक युवक ने प्रेमिका को वीडियो काल कर फंदा लगा लिया। उसकी मौत होते ही प्रेमिका ने अपना मोबाइल नंबर स्विच आफ कर लिया। किदवई नगर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की।
जूही सफेद कालोनी निवासी 22 वर्षीय गोडसन विलियम बीए का छात्र था। चचेरे भाई अंकित ने बताया कि गोडसन का बाबूपुरवा थानाक्षेत्र की एक युवती से प्रेम प्रसंग था। कुछ समय पहले युवती की किसी अन्य युवक से सगाई हो गई। जब इसकी जानकारी गोडसन को हुई तो वह परेशान रहने लगा। रविवार को मां सुनीता घरों में चौका बर्तन करने गई थीं। वहां से दोपहर में घर लौटीं तो बेटे का शव फंदे से लटका मिला।
सामने की तरफ अलमारी में मोबाइल फोन चालू था, जिसमें वीडियो काल की गई थी। गोडसन के बहनोई चंद्रशेखर का आरोप है कि सगाई के बाद भी युवती गोडसन से बात करती थी। किदवई नगर थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
