कानपुर। कानपुर में नशीले पदार्थों की तस्करी के बड़े नेटवर्क का पुलिस ने खुलासा किया है। नजीराबाद पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर सईद नाटे की पत्नी शाजिया सिद्दीकी उर्फ निक्की और उसके साथी फैसल को 10 किलो चरस के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 10 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चरस के 19 बंडल के अलावा भारतीय और नेपाली मुद्रा भी बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी नेपाल और बिहार से सस्ते दामों पर चरस खरीदकर कानपुर लाते थे। इसके बाद कानपुर और आसपास के जिलों के अलावा राजस्थान, मध्य प्रदेश और मुंबई तक इसकी सप्लाई की जाती थी। डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा किया।
चेकिंग के दौरान पकड़े गए निक्की और फैसल
डीसीपी ने बताया कि शहर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार तड़के नजीराबाद पुलिस जीटी रोड पर गुमटी क्रॉसिंग से कोकाकोला चौराहे की ओर जाने वाले रास्ते पर चेकिंग कर रही थी। रेलवे लाइन की बाउंड्री के पास एक महिला और युवक संदिग्ध अवस्था में खड़े दिखाई दिए।
पुलिस ने दोनों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि वे लखनऊ से आ रहे हैं और अजमेर शरीफ जा रहे हैं। शक होने पर पुलिस ने उनके बैग की तलाशी ली तो उसमें 10 किलो चरस बरामद हुई। आरोपियों की पहचान कर्नलगंज के छोटेमियां का हाता निवासी फैसल और शाजिया सिद्दीकी उर्फ निक्की के रूप में हुई।
बुर्के की आड़ में करती थी तस्करी
पुलिस पूछताछ में निक्की ने बताया कि वह महीने में दो से तीन बार नेपाल से सस्ते दामों पर चरस खरीदकर लाती थी। 10 किलो चरस की खेप उसने करीब 25 लाख रुपये में खरीदी थी। पुलिस की चेकिंग से बचने के लिए वह बुर्का पहनकर बस और ट्रेन से मादक पदार्थों की सप्लाई करती थी। कानपुर लाने के बाद चरस को मध्य प्रदेश और राजस्थान के रास्ते मुंबई तक पहुंचाया जाता था।
पति की हत्या के बाद संभाली गैंग की कमान
डीसीपी सेंट्रल के मुताबिक, हिस्ट्रीशीटर सईद नाटे की वर्ष 2012 में हत्या कर दी गई थी। पति की मौत के बाद निक्की ने उसके गैंग की कमान संभाल ली थी। शुरुआत में उसने इलाके में किराने की दुकान खोली, लेकिन दुकान से पर्याप्त कमाई नहीं होने पर वह तस्करी के धंधे में उतर गई।
पुलिस के अनुसार, निक्की के एक रिश्तेदार ने उसे नेपाल के ड्रग्स तस्करों से मिलवाया था और चरस लाकर सप्लाई करने का सुझाव दिया था। इसके बाद उसने मादक पदार्थों की तस्करी शुरू कर दी। पुलिस का दावा है कि निक्की ने अपने बेटे, बेटी और दामाद को मुंबई में शिफ्ट कर दिया था। उसके बच्चे भी वहां मादक पदार्थों की सप्लाई के काम में शामिल बताए जा रहे हैं।
मोबाइल में मिली रिकॉर्डिंग से हुआ खुलासा
पुलिस ने निक्की का मोबाइल फोन खंगाला तो उसमें एक ऑडियो रिकॉर्डिंग मिली। यह रिकॉर्डिंग उसके एक गुर्गे की बताई जा रही है। इसमें नेपाल से चरस खरीदकर लौट रही निक्की को गुर्गा फोन पर कानपुर नहीं आने की सलाह देते हुए कहता है कि यहां पुलिस की चेकिंग काफी सख्त है और फिल्डिंग टाइट है। इस पर निक्की कथित तौर पर कहती है कि कुछ नहीं होगा, पुलिस महिलाओं की चेकिंग नहीं करती और वह बुर्का पहनकर आ रही है।डीसीपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने नेपाल और मुंबई के तस्करों के नाम बताए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें रवाना कर दी गई हैं। मामले में तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
