LPG-

वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों के बीच राज्य सरकार ने गैस, ईंधन और आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए हैं। आमजन को राहत देते हुए निर्णय लिया गया है कि शादी समारोहों के लिए अस्थायी कनेक्शन के साथ दो व्यावसायिक गैस सिलिंडर उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे आयोजनों में किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके साथ ही आगामी चारधाम यात्रा को ध्यान में रखते हुए सरकार अतिरिक्त तैयारियों में जुट गई है।

राज्य सरकार केंद्र से अतिरिक्त ईंधन की मांग करेगी, ताकि यात्रा अवधि में प्रतिदिन लगभग 1.11 लाख किलो गैस, यानी करीब 4500 एलपीजी सिलिंडरों की आपूर्ति सुचारू रूप से बनी रहे। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में शनिवार को सचिवालय में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में इस संबंध में व्यापक समीक्षा की गई।

बैठक में घरेलू व व्यावसायिक गैस उपलब्धता, अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों और उद्योगों की जरूरतों के साथ ही उर्वरकों की स्थिति, पीएनजी पाइपलाइन विस्तार, सीएनजी आपूर्ति, कालाबाजारी नियंत्रण, अफवाह प्रबंधन और वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों के विकास जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि किसी भी स्तर पर आपूर्ति बाधित न हो और मांग-आपूर्ति का संतुलन हर हाल में बनाए रखा जाए।

जनमानस को राहत, कोई कमी नहीं, पैनिक न करें

मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि राज्य में गैस और अन्य आवश्यक वस्तुओं की पर्याप्त उपलब्धता है। किसी प्रकार की कमी नहीं है, इसलिए नागरिक अनावश्यक घबराहट से बचें। उन्होंने कहा कि यह समय वैश्विक चुनौतियों को अवसर में बदलने का है। विदेशी आयात पर निर्भरता घटाते हुए 2070 तक कार्बन न्यूट्रल लक्ष्य हासिल करने के लिए ग्रीन एनर्जी को तेजी से अपनाना जरूरी है। सभी विभागों को घरेलू, औद्योगिक और परिवहन क्षेत्रों में वैकल्पिक ऊर्जा के उपयोग को बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

error: Content is protected !!