YAWfKovy_400x400

रुद्रपुर में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और आगामी त्योहारों को देखते हुए प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। शनिवार को जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कैंप कार्यालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा और कानून-व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

जिलाधिकारी ने ओवरलोडिंग को हादसों की बड़ी वजह बताते हुए परिवहन और पुलिस विभाग को संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल चालान पर्याप्त नहीं, बल्कि बार-बार नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई हो। साथ ही स्पीड मॉनिटरिंग बढ़ाने, ड्रिंक एंड ड्राइव पर ब्रीथ एनालाइजर से नियमित चेकिंग करने के आदेश दिए गए। जनपद में सोमवार 23 फरवरी से बड़े स्तर पर सत्यापन अभियान दोबारा शुरू होगा। इसका उद्देश्य बाहरी लोगों का रिकॉर्ड जांचना, अवांछित तत्वों की पहचान और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण है। सभी उपजिलाधिकारियों को पारदर्शी तरीके से अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

होली और रमजान को देखते हुए पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। प्रशासन ने धर्मगुरुओं और जनप्रतिनिधियों से संवाद बढ़ाने, लाइसेंसी हथियारों का सत्यापन करने और संदिग्धों पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। बैठक में राजस्व मामलों की भी समीक्षा हुई। जिलाधिकारी ने भूमि विवादों का त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण करने पर जोर दिया, ताकि आपसी तनाव और विवादों को रोका जा सके। बैठक में प्रशासन और पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!