ऊधमसिंह नगर में बढ़ती गर्मी और हीट वेव के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा 27 अप्रैल 2026 को जारी पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के मैदानी क्षेत्रों में भीषण गर्मी और लू चलने की संभावना जताई गई है। लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए बच्चों के स्वास्थ्य पर खतरा बढ़ने की आशंका है।
इसी को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जनपद के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों और सरकारी व गैर-सरकारी स्कूलों के समय में बदलाव के आदेश जारी किए हैं। आदेश के मुताबिक 29 अप्रैल 2026 से ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित होने तक आंगनबाड़ी केंद्र और प्री-नर्सरी कक्षाएं सुबह 7:30 बजे से 11:00 बजे तक संचालित होंगी।
वहीं कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक ही संचालित किए जाएंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय बच्चों को लू और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं से बचाने के उद्देश्य से लिया गया है।

जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों, विद्यालय प्रबंधन समितियों और संस्थान प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। आदेश का उल्लंघन करने पर आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के तहत कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
