2025_11image_12_20_373234334biharroadaccidentnews.

सितारगंज। किच्छा हाईवे पर मंगलवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो सगी बहनों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद परिवार में जहां भाई की शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहीं देखते ही देखते खुशियां मातम में बदल गईं। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार गांव नयागांव निवासी हिना पुत्री रईस अहमद और उसकी बहन निशा पत्नी तौफीक अहमद अपनी ममेरी बहन रूबी निवासी जहानाबाद (उत्तर प्रदेश) के साथ भाई मो. जाकिर की शादी की खरीदारी करने सितारगंज बाजार गई थीं। खरीदारी के बाद तीनों बहनें ई-रिक्शा से घर लौट रही थीं।

बताया जा रहा है कि नयागांव के पास हाईवे किनारे ई-रिक्शा से उतरकर चालक को किराया दे रही थीं। इसी दौरान सितारगंज की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने ओवरटेक करते समय सड़क किनारे खड़े ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा सवार लोग दूर जा गिरे और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे में तीनों बहनों समेत ई-रिक्शा में सवार रामकुमार गुप्ता, राजेश्वरी गुप्ता, डालचंद कश्यप और प्रेमपाल गंगवार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

तीनों बहनों की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया। रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान हिना और निशा ने दम तोड़ दिया, जबकि रूबी का इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के घर पर लोगों और जनप्रतिनिधियों का तांता लग गया। कांग्रेस नेता नवतेज पाल सिंह, करन जंग और आसपा नेता सत्येंद्र कुमार समेत कई लोगों ने पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी।

पुलिस के अनुसार दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

error: Content is protected !!