नानकमत्ता। नानकसागर जलाशय में मंगलवार सुबह एक अधेड़ ने छलांग लगाकर जान दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद शव को जलाशय से बाहर निकाला। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे एक अधेड़ व्यक्ति नानकसागर जलाशय के गेट के पास पहुंचा और अचानक पानी में छलांग लगा दी। जलाशय पर तैनात चौकीदार ने उसे कूदते देख शोर मचाया, लेकिन तब तक वह गहरे पानी में डूब चुका था।
सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक मंजू पांडे और प्रतापपुर चौकी इंचार्ज राजेंद्र पंत पुलिस टीम व गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंचे। काफी तलाश के बाद पुलिस ने गेट नंबर तीन के पास से शव बरामद कर बाहर निकाला।
जलाशय किनारे मिले एक थैले में रखे आधार कार्ड से मृतक की पहचान मनोहर सिंह (54) पुत्र लक्ष्मण सिंह निवासी बग्गा चौवन, खटीमा के रूप में हुई। परिजनों ने पुलिस को बताया कि मनोहर सिंह वर्तमान में काशीपुर में रह रहे थे।
प्रतापपुर चौकी इंचार्ज राजेंद्र पंत ने बताया कि जलाशय पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में अधेड़ व्यक्ति जलाशय में छलांग लगाते हुए दिखाई दे रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
