IMG_20260410_193158

रुद्रपुर। कॉलेज से छुट्टी के बाद बाइक से घर लौट रहे बीबीए के छात्र की सड़क हादसे में मौत हो गई। बगवाड़ा के पास अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। घायल छात्र को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार जयनगर दिनेशपुर निवासी दीपक कोहली पुत्र मदन राम रुद्रपुर के एक कॉलेज में बीबीए का छात्र था। सोमवार को कॉलेज से छुट्टी होने के बाद वह बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान बगवाड़ा के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। राहगीरों की मदद से घायल छात्र को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि मृतक के पिता पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हैं।

मंगलवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। छात्र की असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।

error: Content is protected !!