बाजपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को 3 किलो 970 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
सीओ विभव सैनी ने बताया कि एसएसपी के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत मंगलवार शाम एसआई धीरेंद्र परिहार अपनी टीम के साथ क्षेत्र में सघन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान महेशपुरा कट के पास दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए, जो पुलिस को देखकर भागने लगे।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 3 किलो 970 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान एलिस निवासी गड्ढा कॉलोनी, बाजपुर और शोएब निवासी रम्पुरा शाकर के रूप में बताई।
प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि उन्होंने गांजा बाजपुर क्षेत्र के ही एक व्यक्ति से नकद में खरीदा था। पुलिस अब सप्लायर की तलाश में जुट गई है।
