जसपुर। क्रेन की चपेट में आने से बाइक सवार एक सेल्समैन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और चार माह की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके से गुजर रही एक निजी एंबुलेंस ने दोनों घायलों को तुरंत जसपुर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, मोहल्ला बक्शीवाला फाटक निवासी मोहम्मद इकबाल सेल्समैन का काम करता था। मंगलवार सुबह वह अपनी पत्नी नाहिद जहां और चार माह की बच्ची के साथ बाइक से काशीपुर जा रहा था। इसी दौरान यूपी के थाना रेहड़ सीमा क्षेत्र के रायपुर के पास उनकी बाइक क्रेन की चपेट में आ गई।
हादसे में इकबाल की मौके पर ही मौत हो गई। अस्पताल में ईएमओ डॉ. मेहताब जहां ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल पत्नी और बच्ची को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर काशीपुर रेफर कर दिया गया है।
