चमोली जिले में हुई सनसनीखेज हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मामूली पैसों के विवाद में एक युवक ने अपने ही दोस्त की हत्या कर शव अलकनंदा नदी में फेंक दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी एक सफेदपोश और बीडीसी सदस्य बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी नरेंद्र तोपाल ने अपने दोस्त सूरज पुरोहित की हत्या करने के बाद शव को कार में रखकर देर रात झूलाबाग पुल तक पहुंचाया। वहां उसने शव को उफनती अलकनंदा नदी में फेंक दिया, ताकि सबूत हमेशा के लिए मिट जाएं। वारदात को छिपाने के लिए आरोपी ने वापस लौटकर कार भी धो डाली, जिससे खून के निशान खत्म हो सकें।
करीब 22 दिन बाद 10 मार्च को लंगासू क्षेत्र में चंडिका माता मंदिर के नीचे नदी किनारे एक सड़ा-गला शव मिला। शव के हाथ-पैर बंधे हुए थे, जिससे हत्या की आशंका साफ हो गई। पहचान करना मुश्किल था, लेकिन मृतक के हाथ पर अंग्रेजी में लिखे “SOORAJ PUROHIT” नाम से पुलिस को अहम सुराग मिला।
पुलिस ने शव की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की। फोटो देखकर सूरज पुरोहित की पत्नी मंजू देवी ने शव की पहचान अपने पति के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी का गठन किया और जांच शुरू की।
सर्विलांस और इलाके के सीसीटीवी कैमरों की जांच में आरोपी नरेंद्र तोपाल की गतिविधियां संदिग्ध मिलीं। फुटेज में वह रात के समय कार की डिग्गी में कुछ रखते और बाद में वाहन धोते हुए दिखाई दिया। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी टूट गया और उसने हत्या की बात कबूल कर ली।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने महज 10 हजार रुपये के विवाद में इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करने वाली टीम को आईजी गढ़वाल ने इनाम देने की घोषणा की है।
