रुद्रपुर। स्कूटी से रामपुर से 22 किलो पांच सौ ग्राम गांजा ला रहे भूरारानी निवासी तस्कर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गांजा वह अपने जीजा के कहने पर रामपुर से ला रहा था। बाद में पुलिस ने उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी पंजीकृत कर जेल भेज दिया है। साथ ही उसके जीजा की पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है।
एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि शुक्रवार रात एसआई सुरेंद्र प्रताप बिष्ट और एसआइ धीरज टम्टा पुलिस कर्मियों और एंटी नारकोटिक्स टीम के साथ काशीपुर रोड स्थित कीरतपुर में वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान काशीपुर की ओर से एक स्कूटी आते हुई दिखाई दी।
पुलिस टीम काे देखकर तेजी से भागने का प्रयास करने लगा। यह देख पुलिस कर्मियों ने उसका पीछा कर कुछ दूरी पर रोक लिया। पुलिस पूछताछ में स्कूटी सवार ने अपना नाम मूलरूप से भिरारी सैदपुर साइदपुर चकमेसी समस्तीपुर बिहार और हाल सरस्वती विहार कालोनी भूरारानी निवासी सुशील कुमार पुत्र रामवरण साहनी बताया।
स्कूटी के आगे रखे सफेद रंग के कट्टे को चेक किया तो उसमें 22 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद हुआ। एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि पूछताछ में उसने बताया कि गांजा उसके जीजा भूरारानी निवासी राकेश साहनी उर्फ पेंटर का है। उन्होंने उससे कहा था कि वह रामपुर जाकर उसका माल ले आए। जिसके बाद वह रामपुर से माल लेकर जीजा को देने जा रहा था।
बाद में पुलिस ने उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी पंजीकृत कर लिया। शनिवार को पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। जबकि उसके जीजा राकेश साहनी की तलाश में पुलिस लगी हुई है। इसके लिए संदिग्ध ठिकानों पर पुलिस टीम दबिश दे रही है।
