fir (1)

काशीपुर। ग्राम धनौरी पट्टी की करोड़ों रुपये की जमीन के सौदे में धोखाधड़ी, मारपीट और जान से मारने की धमकी के आरोप में पुलिस ने मां-बेटे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। एसएसपी के आदेश पर मामले की जांच शुरू हुई है। जसपुर खुर्द के कृष्णा विलॉज निवासी अनिल कुमार डाबर ने तहरीर में बताया कि पुनीत सिंघल और उसकी मां निशा सिंघल ने 20.21 करोड़ रुपये में जमीन का सौदा किया था। सौदे के तहत रामनगर स्थित करीब 11 करोड़ रुपये की रिजॉर्ट भूमि पुनीत के नाम करा दी गई और 17 जुलाई 2025 को एक करोड़ रुपये बयाना दिया गया जिसमें 26 लाख रुपये आरटीजीएस और 74 लाख रुपये अन्य माध्यम से दिए गए। दो फरवरी 2026 को रिजॉर्ट की रजिस्ट्री पुनीत के नाम करा दी गई। विक्रय विलेख में दर्शाए करीब 7.10 करोड़ रुपये के चेक भी उसने ले लिए। आरोप है कि इकरारनामे के अनुसार चेक वापस किए जाने थे लेकिन वापस नहीं किए गए। बाद में तहसील अभिलेखों में जमीन संबंधी गड़बड़ी सामने आई। रकम वापस मांगने पर 19 अप्रैल को पुनीत ने बेसबॉल के डंडे से हमला कर दिया। पुलिस में शिकायत करने पर परिवार को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। एसएसपी के आदेश पर पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी मां-बेटे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है।

error: Content is protected !!