कुरुक्षेत्र। हरियाणा के कुरुक्षेत्र में एक महिला पर अपने पति की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या करने का आरोप लगा है। वारदात के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को पति का शव खून से लथपथ हालत में मिला। पोस्टमॉर्टम के दौरान मृतक के शरीर से आधा लीवर और एक किडनी गायब मिलने से मामला और रहस्यमय हो गया है। पुलिस हत्या की वजह के साथ अंग गायब होने की भी जांच कर रही है। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के धामपुर गांव निवासी राजेश के रूप में हुई है। वह करीब एक साल पहले हरियाणा आया था और कुरुक्षेत्र में अपनी पत्नी विमला देवी के साथ किराये के मकान में रह रहा था। राजेश पिहोवा रोड स्थित पीबी आरओ वाटर ट्रेडिंग कंपनी में पानी की सप्लाई का काम करता था। मकान मालिक रिंकू के अनुसार, शनिवार शाम करीब पांच बजे उसे कमरे से राजेश और विमला के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। वह छत पर पहुंचा तो राजेश खून से लथपथ पड़ा था। उसके पेट पर गहरा घाव था और आंतें बाहर निकली हुई थीं। रिंकू का दावा है कि उसने विमला को राजेश की बाहर निकली आंतें प्लास्टिक की बोरी में डालते देखा। मकान मालिक को देखते ही विमला घबरा गई और छत से नीचे कूद गई। गिरने से वह घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस को घटनास्थल से छोटे-बड़े तीन चाकू भी मिले हैं।
फोरेंसिक विशेषज्ञ डॉ. गौरव कौशिक के अनुसार, पोस्टमॉर्टम के दौरान राजेश के पेट पर करीब 37 सेंटीमीटर लंबा और गहरा चीरा मिला। चीरे के कारण आंतें बाहर निकली हुई थीं। जांच में मृतक के शरीर में करीब आधा लीवर और दाईं किडनी नहीं मिली। फोरेंसिक विशेषज्ञ ने बताया कि शरीर से गायब अंग कहां हैं, इसकी बरामदगी और जांच की जिम्मेदारी पुलिस की है। इसके बाद पुलिस ने हत्या के साथ-साथ अंग गायब होने के पहलू को भी जांच में शामिल कर लिया है।
मकान मालिक के मुताबिक, विमला झाड़-फूंक भी करती थी। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। दोनों की शादी को कई साल हो चुके थे और उनकी कोई संतान नहीं थी। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।केयूके थाना प्रभारी सुरेंद्र संधू ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद राजेश का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। आरोपी महिला का अस्पताल में उपचार चल रहा है। उसकी हालत में सुधार होने के बाद उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की जाएगी। पुलिस हत्या की वजह के साथ मृतक के शरीर से गायब अंगों के संबंध में भी जांच कर रही है।
