रुद्रपुर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एएनटीएफ रुद्रपुर और कोतवाली किच्छा पुलिस की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान एक कथित नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 1200 कैप्सूल बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार बरामद कैप्सूल में करीब 462 ग्राम मनःप्रभावी औषधि है और बरामद मात्र वाणिज्यिक मात्र की श्रेणी में आती है। आरोपी के पास से एक मोटर साइकिल, 650 रुपये की नगदी और वीवो मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार मुख्यमंत्री के ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान को सफल बनाने और ऊधमसिंह नगर को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में ऑपरेशन प्रहार के तहत मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में 23 सितंबर को क्षेत्रधिकारी एएनटीएफ प्रशांत कुमार के पर्यवेक्षण में एएनटीएफ रुद्रपुर और कोतवाली किच्छा पुलिस की संयुक्त टीम दरऊ चौकी क्षेत्र में सघन चेकिंग कर रही थी। बताया गया कि पुलिस टीम वीरूनगला जाने वाले रास्ते पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल से आ रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को पुलिस ने रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1200 कैप्सूल बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक कैप्सूल का कुल वजन करीब 462 ग्राम है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान छोटे खाँ निवासी थाना क्षेत्र शीशगढ़, जनपद बरेली, के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ कोतवाली किच्छा में धारा 08/22/60 NDPS के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कथित रूप से उक्त कैप्सूल किच्छा से प्राप्त करता था और उन्हें नशे के आदी युवकों को बेचता था।
पूछताछ में टांडा बहेड़ी क्षेत्र में क्लिनिक की आड़ में प्रतिबंधित नशीले कैप्सूलों का कारोबार किए जाने की जानकारी भी सामने आने की बात पुलिस ने कही है। पुलिस अब आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर नशे के इस कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि बरामदगी और पूछताछ से सामने आए तथ्यों के आधार पर मामले की आगे जांच की जा रही है। पुलिस इस बात का भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि प्रतिबंधित कैप्सूल कहां से लाए जा रहे थे और इन्हें किन लोगों तक पहुंचाया जाता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1200 कैप्सूल के अलावा एक पैशन मोटरसाइकिल, 650 रुपये की नगदी और एक वीवो मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है, जिससे कथित नशा तस्करी के नेटवर्क के संबंध में और जानकारी मिल सके। एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि ऊधमसिंहनगर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है। नशे के कारोबार में संलिप्त तस्करों और उनके नेटवर्क के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए पुलिस पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है।
उन्होंने आमजन से नशे की तस्करी अथवा बिक्री की जानकारी तत्काल पुलिस को देने और नशामुक्त ऊधमसिंह नगर के संकल्प में पुलिस का सहयोग करने की अपील की। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोज रतूड़ी, प्रभारी एएनटीएफ रुद्रपुर, उपनिरीक्षक सुरेन्द्र प्रताप बिष्ट, एएनटीएफ रुद्रपुर, उपनिरीक्षक बसंत प्रसाद, चौकी प्रभारी लालपुर, कोतवाली किच्छा, हेड कांस्टेबल भुवन पाण्डेय, कांस्टेबल विनोद खत्री, महिला कांस्टेबल कल्पना नेगी, कांस्टेबल मनोज सिंह सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।
