IMG_20260926_212739

हरिद्वार जिले के झबरेड़ा थाना क्षेत्र के गांव में शनिवार सुबह प्रेम प्रसंग को लेकर दोहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई। एक युवक ने अपनी बहन और पड़ोस में रहने वाले उसके कथित प्रेमी युवक को गोली मार दी। दोनों को परिजन उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही झबरेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस प्रेम प्रसंग समेत वारदात के पीछे के सभी संभावित कारणों की जांच कर रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अमन सिंह पर अपनी बहन रूपा और पड़ोस में रहने वाले सूरज को गोली मारने का आरोप है। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह अमन ने पहले पड़ोस में रहने वाले सूरज को गोली मारी। इसके बाद घर पहुंचकर अपनी बहन रूपा को भी गोली मार दी। दोनों के सीने में गोली लगी। गोली चलने की आवाज और इसके बाद मची अफरा तफरी से गांव में हड़कंप मच गया। परिजन और आसपास के लोग दोनों को लेकर झबरेड़ा के अस्पताल पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी अमन मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही झबरेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रुड़की सिविल अस्पताल भेज दिया है। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ शुरू कर दी है। दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही एसपी देहात अभय कुमार सिंह, सीओ मंगलौर अभिनय चौधरी, एसएचओ मंगलौर भगवान मेहर, एसएसआई दीप कुमार और झबरेड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों से जानकारी ली और मामले की जांच के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए। प्रारंभिक जांच में वारदात का संबंध प्रेम प्रसंग से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि आरोपी भाई अपनी बहन और पड़ोसी युवक के बीच कथित संबंधों से नाराज था। हालांकि पुलिस ने अभी इसे अंतिम रूप से ऑनर किलिंग घोषित नहीं किया है। पुलिस का कहना है कि प्रेम प्रसंग समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा। झबरेड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह के अनुसार अमन की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ झबरेड़ा थाने में पहले भी एक प्राथमिकी दर्ज होने की जानकारी मिली है। आरोपी के स्थानीय स्तर पर किसी आपराधिक गिरोह से जुड़े होने की बात भी सामने आई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। दोहरे हत्याकांड के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस की मौजूदगी में स्थिति पर नजर रखी जा रही है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, प्रत्यक्षदर्शियों की जानकारी और अन्य तथ्यों के आधार पर वारदात की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है।

error: Content is protected !!