375471-fir-sixteennine

हरिद्वार। भगवानपुर कस्बे में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद समझौते के बहाने घर बुलाए गए फाइनेंसर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि घर पहुंचने पर तीन लोगों ने उसके साथ मारपीट की और तमंचे से सिर में गोली मार दी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर पिता-पुत्र समेत तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, भगवानपुर निवासी आदित्य राणा एक अक्टूबर की रात करीब नौ बजे अपने दोस्तों के साथ फाइनेंस कलेक्शन के लिए भगवानपुर कस्बे में गया था। इसी दौरान फाइनेंस के काम को लेकर उसका लक्की शर्मा से विवाद हो गया। मौके पर मौजूद दोस्तों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया। बताया जा रहा है कि विवाद के कुछ देर बाद लक्की शर्मा ने आदित्य को फोन कर बातचीत के जरिए मामला सुलझाने की बात कही। समझौते का भरोसा मिलने पर आदित्य अपने दोस्तों के साथ प्रताप कॉलोनी स्थित लक्की के घर पहुंच गया।

आरोप है कि आदित्य के घर के अंदर पहुंचते ही वहां मौजूद लक्की शर्मा, उसके भाई राहुल शर्मा और पिता अनिल शर्मा ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान लक्की ने तमंचा निकालकर आदित्य को जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि पिता अनिल शर्मा के उकसाने और भाई राहुल के कहने पर लक्की ने आदित्य के सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही आदित्य खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। फायरिंग के बाद उसके साथ आए दोस्त घबराकर मौके से चले गए। घटना की जानकारी मिलने पर आदित्य का भाई सागर अपने दोस्त के साथ मौके पर पहुंचा और उसे बाइक से करोंदी स्थित आरोग्यम अस्पताल ले गया। वहां डॉक्टरों ने आदित्य को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी सुमित पांडे और भगवानपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रुड़की सिविल अस्पताल भेज दिया। मृतक के भाई सागर की शिकायत पर पुलिस ने लक्की शर्मा, राहुल शर्मा और अनिल शर्मा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक गोपाल दत्त भट्ट को सौंपी गई है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

error: Content is protected !!