आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा में एक ही परिवार के पांच लोगों के अचानक बेहोश होने से हड़कंप मच गया। परिवार के सभी सदस्यों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। वहीं, परिवार के तीन अन्य सदस्यों का जयपुर में इलाज चल रहा है। चिकित्सकों ने प्रथम दृष्टया फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई है। मामला किरावली थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 10 का है। यहां रहने वाले हुसैन मूल रूप से राजस्थान के धंतूरी महोआ के निवासी हैं। वह किरावली में अपनी ससुराल के पास किराए के मकान में रहकर मजदूरी करते हैं।
खाना खाने के बाद सोने चले गए थे परिवार के सदस्य
जानकारी के मुताबिक, परिवार के सदस्यों ने रात में आलू-चावल खाने के बाद चाय पी थी। इसके बाद सभी सोने चले गए। अगली सुबह काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला और परिवार का कोई सदस्य बाहर नहीं निकला तो पड़ोसियों को शक हुआ। कुछ लोगों ने घर के अंदर जाकर देखा तो परिवार के सभी पांच सदस्य बेहोशी की हालत में पड़े थे। इसके बाद स्थानीय लोगों ने सभी को ट्रॉली की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) किरावली पहुंचाया। वहां उनकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
दो बच्चों ने तोड़ा दम, तीन का जयपुर में इलाज
अस्पताल में इलाज के दौरान जीशान उर्फ गोलू की मौत हो गई। इसके करीब दो घंटे बाद उसके भाई आहिल ने भी जयपुर में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। दोनों बच्चों की उम्र पांच और आठ साल बताई गई है। परिवार के बाकी तीन सदस्यों की हालत गंभीर बनी हुई है और जयपुर के अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। मृतक बच्चों के मामा नौशाद ने बताया कि दोनों के शव उनके पैतृक गांव धंतूरी महोआ ले जाए गए हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
सीएचसी किरावली के चिकित्साधीक्षक डॉ. राघवेंद्र सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला फूड पॉइजनिंग का लग रहा है। घटना की सूचना मिलने पर किरावली चौकी इंचार्ज अनुराग पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई है। परिवार के सभी सदस्यों के बेहोश होने और दो बच्चों की मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
