देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। प्रदेश के 11 जिलों में 15 अक्टूबर को आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के भी आसार हैं।
इन 11 जिलों में यलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, 15 अक्टूबर को देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, पौड़ी, अल्मोड़ा, हरिद्वार, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ में आंधी, ओलावृष्टि और बिजली चमकने की संभावना है। देहरादून और हरिद्वार के मैदानी इलाकों में भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। तेज हवाओं और ओलावृष्टि के कारण तापमान में गिरावट आने के आसार हैं।
नैनीताल और पहाड़ी जिलों में बढ़ेगी ठंड
16 अक्टूबर को नैनीताल, अल्मोड़ा, बागेश्वर, चंपावत, ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। नैनीताल और अल्मोड़ा के पहाड़ी इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना है। मौसम में बदलाव से तापमान गिर सकता है और ठंड बढ़ने के आसार हैं।
ऊंची चोटियों पर बर्फबारी की संभावना
प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का दौर शुरू हो सकता है। 14 अक्टूबर को 3,800 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात की संभावना है। वहीं, 15 और 16 अक्टूबर को 3,500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग की ऊंची चोटियों पर हल्की से मध्यम बर्फबारी के आसार हैं। निचले और घाटी वाले इलाकों में बारिश हो सकती है। केदारनाथ में भी मौसम खराब रहने की संभावना है।
18 अक्टूबर तक पहाड़ों में बदलता रहेगा मौसम
पिथौरागढ़ और बागेश्वर में 14 से 18 अक्टूबर तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। पिथौरागढ़ में 14 अक्टूबर को कहीं-कहीं हल्की बारिश, जबकि 15 और 16 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश और ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हो सकती है। 17 और 18 अक्टूबर को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ के उत्तरी एवं ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और 3,800 मीटर से अधिक ऊंचाई पर बर्फबारी की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 19 अक्टूबर से प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।
