रुद्रपुर। नवरात्र में मांस बिक्री पर प्रतिबंध के बावजूद नियमों का उल्लंघन करने पर नगर निगम की टीम ने दो दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की। त्रिशूल चौक के पास दो दुकानों पर कच्चा और पका मांस मिलने पर सुखविंदर और जुनैद पर पांच-पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। कार्रवाई के बाद मांस विक्रेताओं में खलबली मच गई। नगर निगम के अनुसार, नवरात्र को देखते हुए शहर में कच्चे और पके मांस की बिक्री पर रोक लगाई गई है। प्रतिबंध का पालन सुनिश्चित कराने के लिए निगम की टीम ने शहर में जांच अभियान चलाया। इस दौरान त्रिशूल चौक के पास दो दुकानों पर नियमों का उल्लंघन मिलने पर जुर्माने की कार्रवाई की गई।
महापौर विकास शर्मा ने अधिकारियों को प्रतिबंध का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि नवरात्र आस्था का पर्व है और इस दौरान श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान करना जरूरी है। महापौर ने स्पष्ट किया कि प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने दुकानदारों से नियमों का पालन करने और नगर निगम का सहयोग करने की अपील की। निगम के मुताबिक, शहर में जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।
