लखनऊ। मोहनलालगंज क्षेत्र के एक गांव में बुधवार देर रात घरेलू विवाद के दौरान पति ने कथित तौर पर रस्सी से गला कसकर पत्नी की हत्या कर दी। आरोप है कि वारदात के समय पति शराब के नशे में था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के मुताबिक, गांव निवासी राधाकृष्ण का बुधवार देर रात पत्नी रेखा से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान राधाकृष्ण ने रस्सी से गला कसकर रेखा की हत्या कर दी। रात करीब 1:30 बजे पुलिस को घटना की सूचना मिली। इसके बाद थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के समय दंपती के तीन बेटे और एक बेटी गांव के पास रामलीला मेला देखने गए हुए थे। मृतका के बड़े बेटे ने अपने पिता के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी रल्लापल्ली वसंथ कुमार ने बताया कि आरोपी पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
