IMG_20261016_095131

प्रयागराज। सलोरी मुहल्ले में गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे एक अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जमीन के विवाद में हुई इस घटना में दूसरे पक्ष के अपर शासकीय अधिवक्ता भी गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको बेली अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में घायल अधिवक्ता समेत तीन को नामजद करते हुए दर्जनभर अज्ञात के खिलाफ कर्नलगंज थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया है।

कर्नलगंज थानांतर्गत सलोरी इलाके के काटजू बाग कालोनी निवासी सतीश चंद्र श्रीवास्तव अधिवक्ता थे। साथ ही ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज में संविदा पर लैब अटेंडेंट भी थे। एक जमीन को लेकर उनका विवाद घर के सामने रहने वाले अपर शासकीय अधिवक्ता देवेंद्र नाथ मिश्रा चल रहा था। जिस जमीन का विवाद था, वहां दरवाजे पर सतीश चंद्र श्रीवास्तव ने ताला लगा था।

गुरुवार दिन में करीब 11.45 बजे अपर शासकीय अधिवक्ता देवेंद्र नाथ मिश्रा कई लोग वहां पहुंचे और ताला तोड़ दिया। दीवारों को भी तोड़ा जाने लगा। खबर पाकर करीब 12 बजे सतीश चंद्र श्रीवास्तव वहां पहुंचे तो मारपीट शुरू हो गई। इसी बीच सतीश चंद्र की पत्नी वर्षा आ गईं। पति को बचाने की कोशिश की तो उन्हें भी पीटा गया।

अज्ञात लोग मॉस्क से ढंके थे मुंह 

वर्षा का आरोप है कि देवेंद्र नाथ मिश्रा के पुत्र निपेंद्र नाथ मिश्रा उर्फ बच्चू, अमरेंद्र नाथ मिश्रा उर्फ अनुपम समेत दर्जनभर अज्ञात लोग थे। अज्ञात लोगों ने अपने चेहरे को मास्क व गमछे से ढंक रखा था। राड से पति को पीट रहे थे। मारपीट के दौरान अमरेंद्र नाथ मिश्रा ने अपनी रिवाल्वर निकाली और पति सतीश चंद्र के पेट में गोली मारकर भाग गए।

घायल सतीश चंद्र को घरवाले एक निजी अस्पताल ले गए, जहां हालत नाजुक देखकर डॉक्टरों ने स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। यहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। खबर पाकर बड़ी संख्या में अधिवक्ता आ गए। अस्पताल से शुरू हुए हंगामा सड़क तक पहुंच गया। करीब चार घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने का आश्वासन दिया।

क्या बोले डीसीपी नगर?

डीसीपी नगर सागर जैन ने बताया कि सतीश चंद्र श्रीवास्तव की ओर से लगाए गए ताले को देवेंद्र नाथ मिश्रा समेत उनके पक्ष के लोगों ने तोड़ दिया था। देवेंद्र नाथ मिश्रा की ओर से फायरिंग की गई। इससे सतीश चंद्र श्रीवास्तव की मौत हो गई। मृतक के घरवालों की तहरीर पर कर्नलगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना में शामिल कई आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों की तलाश के लिए तीन टीमें बनाई गई हैं। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमराें की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

error: Content is protected !!