सितारगंज। ऊधमसिंह नगर जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत सितारगंज कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से कुल 15-24 ग्राम स्मैक पन्नी सहित बरामद हुई है। इसका शुद्ध वजन 14-17 ग्राम बताया गया है। पुलिस ने 1560 रुपये नकद, एल्युमिनियम फाइल पेपर के आठ टुकड़े और स्मैक रखने में इस्तेमाल होने वाले सफेद कागज के टुकड़े व पारदर्शी पन्नियां भी बरामद की हैं। मामले में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 15 अक्टूबर 2026 को सितारगंज कोतवाली की पुलिस टीम शांति व्यवस्था बनाए रखने, शाम की चेकिंग और अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए गश्त कर रही थी। इस दौरान शक्तिफार्म स्थित वनशक्ति मंदिर की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर मुख्य सड़क से करीब 10 मीटर अंदर पांच से छह लोग दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखकर कुछ लोग जंगल की ओर भागने लगे, जबकि दो व्यक्ति वनशक्ति मंदिर की ओर जाने लगे। पुलिस ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान रमेश के कब्जे से 12-83 ग्राम स्मैक पन्नी सहित बरामद हुई, जिसका शुद्ध वजन 11-76 ग्राम था। वहीं, गोकुल विश्वास के कब्जे से 3-23 ग्राम स्मैक पन्नी सहित मिली, जिसका शुद्ध वजन 2-41 ग्राम बताया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमेश व गोकुल निवासी शक्तिफार्म के रूप में हुई है। दोनों क्षेत्र कोतवाली सितारगंज के अंतर्गत आते हैं। पुलिस ने बरामदगी के संबंध में कोतवाली सितारगंज में मुकदमा संख्या 0531/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया है।
पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की आपूर्ति करने वालों और इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक जावेद मलिक, उपनिरीक्षक जगदीश चंद्र तिवारी, हेड कांस्टेबल मतलूब खान, नवनीत कुमार, कांस्टेबल जगदीश कोठियाल, प्रेम सिंह और महिला कांस्टेबल ज्योति शर्मा शामिल रहे।
