arms_act

नानकमत्ता (ऊधम सिंह नगर)। ग्राम सिद्धा नवदिया में सतनाम सिंह हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपित कुलदीप सिंह समेत दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि 18 अक्टूबर को सतनाम सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की है।

एसएसपी अजय गणपति ने सोमवार को प्रेस वार्ता कर गिरफ्तारी की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों में कुलदीप सिंह और हरप्रीत सिंह शामिल हैं।

मामले में मृतक के भाई सोनू सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि कुलदीप सिंह, लखविंदर सिंह, हरप्रीत सिंह, कमल सिंह और मनदीप कौर समेत अन्य लोग हथियारों से लैस होकर उनके घर पहुंचे थे। आरोपितों ने घर पर पथराव किया और उनके भाई सतनाम सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी।

पुलिस ने कुलदीप के कब्जे से 12 बोर का तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया। इसके अलावा दो जिंदा कारतूस, एक अन्य खोखा कारतूस और मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।

एसएसपी ने बताया कि कुलदीप का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है। वहीं, हरप्रीत के खिलाफ खटीमा थाने में दो प्राथमिकी दर्ज हैं। पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर रही है और मामले में नामजद अन्य आरोपितों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

error: Content is protected !!