police-1024x576

“हेलो, मैंने मम्मी-पापा को मार दिया है, जल्दी आ जाइए।” मंगलवार देर शाम डायल 112 पर यह सूचना मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची तो युवक के माता-पिता सुरक्षित मिले। जांच में पता चला कि पैसे नहीं मिलने पर युवक ने पुलिस को झूठी सूचना दी थी। घटना उधमसिंह नगर जिले के खटीमा की है।

पुलिस के मुताबिक, अभिषेक राठौर ने मंगलवार देर शाम डायल 112 पर फोन कर अपने माता-पिता की हत्या करने की सूचना दी थी। इस पर वरिष्ठ उपनिरीक्षक केसी आर्य, उपनिरीक्षक राकेश राय और पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

पूछताछ में अभिषेक ने बताया कि वह अपने माता-पिता से खर्च के लिए पैसे मांग रहा था। उनके मना करने पर विवाद हुआ, जिसके बाद उसने परेशान करने के लिए पुलिस को झूठी सूचना दे दी।

वरिष्ठ उपनिरीक्षक केसी आर्य ने बताया कि आपातकालीन नंबर पर झूठी और भ्रामक सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने के मामले में युवक को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत निरुद्ध किया गया है।

error: Content is protected !!