काशीपुर। आईटीआई कोतवाली क्षेत्र में भारी मात्रा में अवैध तरीके से स्टोर किए गए खाली व भरे सिलिंडर पकड़ने के मामले में पुलिस ने पूर्ति निरीक्षक की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
तहसीलदार पंकज चंदोला के निर्देश पर पूर्ति निरीक्षक तन्मय मैठाणी ने आईटीआई कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंपी। इसमें बताया कि बीती 5 अप्रैल को पुलिस-प्रशासन की टीम ने ग्राम परमानंदपुर में एक चहारदीवारी खंडहर में गैस के खाली व भरे सिलिंडर बरामद किए थे। कालाबाजारी में लिप्त जुबैद अली निवासी ग्राम पट्टीकलां घोसीपुरा, मिलक नौखरीद, पोस्ट रहमतगंज, स्वार, जिला रामपुर की निशानदेही पर घरेलू सिलिंडर 7, खाली सिलिंडर 46, व्यवसायिक सिलिंडर 9 भरे और 7 खाली के अलावा रिफलिंग बांसुरी एक व एक पाइप बरामद हुआ था। बरामद गैस सिलिंडरों को नेहा गैस एजेंसी की सुपुर्दगी में दे दिया गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी जुबैद अली के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3 व 7 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच एसआई पुष्कर दत्त भट्ट को सौंप दी है।
