how-to-file-fir

शाहजहांपुर। कांट थाना क्षेत्र में युवती से छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवती के विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ रास्ते में मारपीट की। इसके बाद घर में घुसकर दोबारा हमला किया और घरेलू सामान फेंककर तोड़फोड़ की। पुलिस ने तीन नामजद और पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, घटना 22 नवंबर की शाम की है। युवती मकान के पास घरेलू सामान खरीदने जा रही थी। आरोप है कि इसी दौरान अंशुल, रामजी और विपिन ने अपने पांच अज्ञात साथियों के साथ उसे रास्ते में रोक लिया। आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज और अश्लील हरकतें कीं। विरोध करने पर युवती के साथ मारपीट की गई।

युवती किसी तरह वहां से भागकर अपने घर पहुंची तो आरोपी भी पीछे-पीछे घर में घुस गए। आरोप है कि उन्होंने युवती को दोबारा पकड़ने की कोशिश की। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की और घर का सामान इधर-उधर फेंक दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। आरोपियों ने युवती को अगली बार उठाकर ले जाने और जान से मारने की धमकी भी दी। युवती की मां ने आरोप लगाया कि आरोपी दबंग किस्म के हैं और उनकी बेटी को नुकसान पहुंचा सकते हैं। उन्होंने बताया कि 29 जून को भी आरोपियों के खिलाफ थाने में शिकायत दी गई थी, लेकिन उस समय कार्रवाई नहीं हुई। फिलहाल पुलिस ने मां की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

error: Content is protected !!