किच्छा के आवास विकास इलाके में स्कॉर्पियो सवार युवकों पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और जांच के आधार पर चार आरोपियों की पहचान कर ली है। हालांकि, चारों आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। वहीं, फरार आरोपियों के घरों में अवैध निर्माण की जांच भी शुरू कर दी गई है।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में की जा रही इस कार्रवाई के तहत पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, 28 नवंबर 2026 को कोतवाली किच्छा क्षेत्र के आवास विकास इलाके में फायरिंग की घटना हुई थी। ग्राम माधोपुर, थाना बहेड़ी, जिला बरेली निवासी जगदीश पुत्र विनोद कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपने साथी सिमरनदीप सिंह के साथ स्कॉर्पियो UK06 BF 2512 से जा रहे थे। इसी दौरान ब्रेजा कार (UK06 AQ 9175) में सवार युवकों ने उनकी गाड़ी पर गोलियां चला दीं।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने FIR संख्या 450/26 दर्ज करते हुए गगनदीप सिंह समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) और 324(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया। मामले की जांच वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन बुधानी को सौंपी गई।
घटना के बाद फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर भौतिक साक्ष्य जुटाए। वहीं, पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान चार आरोपियों की पहचान गगनदीप सिंह निवासी वीरूनगला, किच्छा, विजय यादव निवासी आवास विकास, किच्छा, उदय निवासी शिवनगर वार्ड नंबर 9, ट्रांजिट कैंप और सोनी अटवाल निवासी लुधियाना, पंजाब के रूप में हुई।
पुरानी रंजिश में फायरिंग की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में फायरिंग की वजह गगनदीप सिंह और सिमरनदीप सिंह के बीच पुरानी वर्चस्व की रंजिश सामने आई है। पुलिस के अनुसार, गगनदीप सिंह का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।
घरों की पैमाइश शुरू, गिरफ्तारी के लिए दबिश
पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। इसके साथ ही गगनदीप सिंह और उदय के घरों की पैमाइश संबंधित विभागों के माध्यम से कराई जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।
