बरेली के हाफिजगंज थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते पांच लोगों ने एक किसान पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में किसान की नाक और कान कट गए, जबकि सिर, चेहरे और माथे पर भी गंभीर चोटें आई हैं। घायल किसान का डेलापीर स्थित चंद्रकांती अस्पताल में इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, कल्याणपुर गांव निवासी भारत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके भाई रविंद्र 26 नवंबर को दोपहर करीब तीन बजे खेत से धान काटकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में देवेंद्र, सूरजपाल, मुखिया, विनोद और रवि ने उन्हें घेर लिया।
आरोप है कि पांचों के पास बांका और गंडासा था। पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने रविंद्र पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में उनकी नाक और कान कट गए। इसके अलावा सिर, चेहरे और माथे पर भी कई वार किए गए।
शोर सुनकर पिता नत्थूलाल और भाई आकाश मौके पर पहुंचे। परिजनों को आता देख आरोपी रविंद्र को मरा समझकर मौके से फरार हो गए। परिजन घायल को पहले नवाबगंज सीएचसी ले गए, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालत गंभीर होने पर परिजनों ने उन्हें डेलापीर स्थित चंद्रकांती अस्पताल में भर्ती कराया। भारत सिंह की शिकायत पर पुलिस ने पांचों नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
