किच्छा क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 42 वर्षीय रामवीर, जो इनटार्क फैक्ट्री में फिटर के पद पर कार्यरत था, 8 अप्रैल की रात करीब साढ़े 10 बजे फैक्ट्री से निकला था, लेकिन घर नहीं पहुंचा। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, मगर उसका कोई सुराग नहीं लग सका।
जांच के दौरान फैक्ट्री के पास एनएच-74 पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में रामवीर का ट्रैक्टर-ट्रॉली से एक्सीडेंट होता दिखाई दिया। इसके बाद से मामला और संदिग्ध हो गया। आशंका जताई जा रही है कि एक्सीडेंट के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने सबूत मिटाने के इरादे से जेसीबी मशीन बुलाकर रामवीर के शव को सड़क किनारे गड्ढा खोदकर दबा दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस, परिजन और फैक्ट्री का स्टाफ मौके पर पहुंच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। साथ ही जेसीबी की मदद से संदिग्ध स्थान पर खुदाई कराई जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
