768-512-23533212-thumbnail-16x9-birdflu

उधम सिंह नगर। नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में बर्ड फ्लू के मामले सामने आने के बाद ऊधम सिंह नगर जिले में हाई अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन और पशुपालन विभाग ने एहतियातन सख्त कदम उठाते हुए जिले में मुर्गियों को बाहर ले जाने और बाहर से मंगाने पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। जानकारी के अनुसार, नेपाल के कोसी प्रांत के मोरंग और सुनसरी जिलों में बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लुएंजा) के मामले सामने आए हैं। यह बीमारी एच-5 और एच-7 वायरस से फैलती है, जो पक्षियों के साथ-साथ इंसानों के लिए भी खतरनाक मानी जाती है। इसी को देखते हुए तराई क्षेत्र के जिलों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

जिला प्रशासन ने पशुपालन विभाग की टीमों को सक्रिय कर दिया है। टीमें पोल्ट्री फार्म, बाजारों और सीमावर्ती इलाकों में लगातार निगरानी कर रही हैं। किसी भी प्रकार की असामान्य पक्षी मृत्यु की सूचना तुरंत देने के निर्देश दिए गए हैं। पोल्ट्री संचालकों को साफ-सफाई, बायो-सिक्योरिटी और नियमित जांच के निर्देश जारी किए गए हैं। मुख्य पशुपालन अधिकारी आशुतोष जोशी ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति के मुर्गियों या अन्य पक्षियों की खरीद-फरोख्त और परिवहन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट पर रखा गया है।

error: Content is protected !!