C-342-1-MBD1032-448115-1775909088973_m

उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में अवैध शराब माफिया को पकड़कर ला रही पुलिस टीम पर रास्ते में ही आरोपित के स्वजन ने हमला कर दिया। धारदार हथियार से वार करते हुए आरोपी को छुड़ाकर ले गए। बाद में पुलिस ने दबिश देकर तीन महिलाओं समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। तीन महिलाओं सहित चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर चालान किया गया है।

शनिवार की सुबह शेरपुर चौकी पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव चांदरा फार्म में शातिर शराब माफिया जग्गा उर्फ जोगा गेहूं के खेत में अवैध शराब के साथ मौजूद है। सूचना पर चौकी प्रभारी नवीन भाटी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे व घेराबंदी कर जग्गा को पकड़ लिया। पुलिस टीम जब आरोपित को बाइक के सहारे लेकर थाने लौट रही थी, तभी रास्ते में उसके स्वजन खासकर महिलाएं, अचानक सामने आ गईं व पुलिस को घेर लिया।आरोपित को छुड़ाने के लिए पुलिस से जमकर खींचतान की गई। इसी दौरान स्थिति बेकाबू हो गई व पुलिसकर्मियों की वर्दी तक फट गई। हंगामे के बीच एक महिला ने धारदार हथियार से पुलिस पर हमला कर दिया।

हालांकि पुलिसकर्मी किसी तरह इस हमले से बच निकले व किसी तरह भाग कर अपनी जान बचाई। घटना के बाद इलाके में हलचल मच गई। इसके बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए दोबारा दबिश दी व मुख्य आरोपी जग्गा उर्फ जोगा के साथ उसकी मां करतार कौर, पत्नी रीना कौर व बहन सुखविंदर उर्फ सुखी कौर को गिरफ्तार कर लिया।

प्रभारी निरीक्षक अमरपाल सिंह ने बताया कि पुलिस टीम पर हमले और आरोपी को छुड़ाने के मामले में चारों के खिलाफ जानलेवा हमले समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चालान किया गया है। साथ ही अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस के अनुसार शराब माफिया जग्गा उर्फ जोगा का आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है। उसके खिलाफ थाने में करीब आठ मुकदमे दर्ज हैं। इनमें अवैध शराब की तस्करी, अवैध तमंचा रखने और अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़े मामले शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपित लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय रहकर अवैध कारोबार चला रहा था और कई बार कार्रवाई के बावजूद अपनी गतिविधियों से बाज नहीं आ रहा था। हालिया घटना के बाद पुलिस अब उसके नेटवर्क और पुराने मामलों की भी गहन जांच में जुट गई है।

error: Content is protected !!