रुद्रपुर। पत्नी का मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने नगर निगम कार्यालय पहुंचे एक युवक ने निगम की महिला कर्मचारी पर अभद्रता का आरोप लगाया है। मामले में युवक ने कोतवाल रुद्रपुर के नाम शिकायती पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
रम्पुरा निवासी रघुवीर के अनुसार उसकी पत्नी का निधन एक अप्रैल को हो गया था। बुधवार को वह नगर निगम के जन्म-मृत्यु कार्यालय में प्रमाण पत्र बनवाने पहुंचा था। आरोप है कि वहां मौजूद महिला कर्मचारी ने आवेदन लेने से इनकार करते हुए उसके साथ अभद्र व्यवहार किया और अपशब्द कहे। पीड़ित का कहना है कि जनप्रतिनिधि से शिकायत करने के बावजूद उसकी सुनवाई नहीं हुई।
युवक ने आरोप लगाया कि इसी दौरान वहां मौजूद एक पार्षद ने उसके साथ मारपीट की और उसके कपड़े फाड़ दिए। साथ ही जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया। पीड़ित का यह भी आरोप है कि जब उसने घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की तो उसका मोबाइल छीनकर वीडियो डिलीट कर दिया गया।
