IMG_20260501_155307

बाजपुर। शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाते हुए चार बच्चों की मां बृहस्पतिवार को पेट्रोल भरी बोतलें लेकर कोतवाली पहुंच गई। महिला ने आत्मदाह का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद महिला पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे हिरासत में ले लिया।

जानकारी के अनुसार मोहल्ला केशवनगर निवासी महिला का पड़ोस में रहने वाले युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। आरोप है कि युवक ने शादी का वादा कर महिला से संबंध बनाए। मामला सामने आने के बाद महिला और उसके पति के बीच विवाद बढ़ गया, जिसके चलते महिला ने पति को तलाक दे दिया।

महिला का आरोप है कि तलाक के बाद युवक ने शादी करने से इनकार कर दिया, जिससे वह बेघर हो गई। इसी से आहत होकर महिला दो बोतलों में पेट्रोल भरकर कोतवाली गेट पहुंची और आत्मदाह की कोशिश करने लगी। वहां मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया और कोतवाली ले गईं।

पुलिस महिला से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। एसएसआई विक्रम सिंह धामी ने बताया कि आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, पीड़ित महिला आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई नहीं चाहती, बल्कि उसके साथ रहने की जिद पर अड़ी है। पूर्व प्रधान लियाकत अली ने बताया कि पंचायत स्तर पर दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का प्रयास किया जा रहा है। महिला के चारों बच्चे फिलहाल उसके पूर्व पति के पास हैं।

error: Content is protected !!