bride's-father-suffered-heart-attack-and-died-after-dispute-over-the-dowry-amount-1780926979821_m

ऊधम सिंह नगर। उत्तर प्रदेश के फरीदपुर से खटीमा आई बरात में मेहर की रकम तय करने को लेकर विवाद हो गया। इसी बीच दुल्हन के पिता को अटैक आ गया और उनकी मौत हो गई। इससे गुस्साए दुल्हन पक्ष वालों ने बरातियों को बंधक बनाने के साथ उनकी जमकर पिटाई कर दी। अफरा-तफरी के बीच कुछ बरातियों ने मैरिज हाल की छत से कूदकर जान बचाई। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभाली और बारातियों को सुरक्षित स्थान पर बैठा दिया। रात तक दोनों पक्षों के बीच पुलिस की मौजूदगी में वार्ता जारी रही।

इस्लामनगर वार्ड सात निवासी सादिक हुसैन की पुत्री निकहत का निकाह फरीदपुर, बरेली (उत्तर प्रदेश) के मो.आरिफ पुत्र अमजद के साथ तय हुआ था।

रविवार देर शाम बरात इस्लामनगर के एक मैरिज हाल में पहुंची। बारातियों का स्वागत और खाने के बाद निकाह के रस्मों की तैयारी चल रही थी। दुल्हन पक्ष के लोग मेहर की राशि पांच लाख रुपये तो दूल्हा पक्ष 21 हजार रुपये तय करने की बात करने लगा। जिस पर दोनों पक्ष अड़े रहे और कहासुनी बढ़ने लगी। तभी दुल्हन के पिता 65 वर्षीय सादिक हुसैन को सीने में दर्द उठा। नगर के निजी चिकित्सालय ले जाने पर जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इससे दुल्हन पक्ष में कोहराम मच गया।

मैरिज हाल तक सूचना पहुंचते ही आक्रोशित दुल्हन पक्ष के लोगों ने दूल्हे मो.आरिफ, उसके भाई खालिद हुसैन, अता हुसैन समेत कई बरातियों की जमकर पिटाई कर दी। यह देख कई बाराती मैरिज हाल की छत से कूदकर भागे। यद्यपि किसी को चोट नहीं आई। बाद में हाल के भीतर ही बरातियों को बंधक बना लिया गया। सूचना पर कोतवाल विजेंद्र शाह और झनकईया थाने का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। वहां मौजूद लोगों को खदेड़ा और बारातियों को सुरक्षित स्थान पर बैठाया।

error: Content is protected !!