police_5d210e47487c88ceb328429a57c12182

हरिद्वार के कनखल क्षेत्र से तीन वर्षीय बच्ची के अपहरण मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतर्राज्यीय बच्चा चोरी और मानव तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस और सीआईयू की संयुक्त कार्रवाई में दो महिलाओं समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अपहृत बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया गया।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गिरोह बच्चों का अपहरण कर उन्हें दो से पांच लाख रुपये में निसंतान दंपतियों को बेचता था। जांच के दौरान दिल्ली रेलवे स्टेशन से अगवा किए गए डेढ़ वर्षीय बच्चे कार्तिक को भी बदायूं से सुरक्षित बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्यों की अलग-अलग भूमिकाएं थीं। कुछ आरोपी बच्चों की रेकी और चोरी करते थे, जबकि अन्य उन्हें दूसरे राज्यों में ले जाकर खरीदार तलाशते थे। गिरोह बच्चों को अपना या अनाथ बताकर बेच देता था। मामले में उत्तर प्रदेश, दिल्ली और उत्तराखंड के कई स्थानों पर दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, संभावित खरीदारों और पूर्व में हुई बच्चा चोरी की घटनाओं के संबंध में भी जांच कर रही है। इस कार्रवाई को हरिद्वार पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

error: Content is protected !!