ऋषिकेश में दोस्ती और नाराजगी से जुड़ा एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक युवक द्वारा अपने दोस्तों से बातचीत बंद करने के बाद दोस्तों ने उसे मनाने के लिए उसकी गुमशुदगी के पोस्टर शहर के विभिन्न स्थानों पर चिपका दिए। पोस्टरों में युवक की तस्वीर लगाकर उसे “लापता” बताया गया और उसे खोजने वाले के लिए सिगरेट की डिब्बी इनाम देने की घोषणा भी कर दी गई।
जानकारी के अनुसार रेलवे रोड निवासी युवक का अपने तीन दोस्तों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था, जिसके बाद उसने उनसे संपर्क समाप्त कर दिया। कई बार मनाने के प्रयास विफल होने पर दोस्तों ने अलग तरीका अपनाते हुए युवक के गुमशुदगी वाले पोस्टर तैयार कराए और उन्हें अंतरराज्यीय बस अड्डा परिसर तथा आशुतोष नगर क्षेत्र की दीवारों पर चस्पा कर दिया।
पोस्टर लगाने के बाद युवकों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। मामला युवक और उसके परिजनों तक पहुंचा तो उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस से कर दी। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और संबंधित युवकों को पूछताछ के लिए कोतवाली बुलाया।
पूछताछ में युवकों ने बताया कि उनका दोस्त कई दिनों से उनसे नाराज था और बात नहीं कर रहा था। उसे मनाने और दोबारा संपर्क स्थापित करने के उद्देश्य से उन्होंने मजाक में यह पोस्टर लगवाए थे। पुलिस के समक्ष उन्होंने अपनी गलती स्वीकार कर ली।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक के अनुसार युवकों को भविष्य में इस तरह की गैर-जिम्मेदाराना हरकत न करने की कड़ी चेतावनी दी गई है। साथ ही उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की गई।
